Basti/Uttar Pradesh-बस्ती आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना की अध्यक्षता में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जनपद में लगभग 1952 ताजिए स्थापित किए जाएंगे तथा 127 जुलूस निकाले जाएंगे। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए पूरे जिले में 1400 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है, जो लगातार निगरानी करते हुए व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे।
बैठक में ताजियों की ऊंचाई, जुलूस मार्गों की सुरक्षा, बिजली के तारों से संभावित खतरे, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष चर्चा की गई।उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित कराई जाएं। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी बैठक में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी, नगर पालिका परिषद के ईओ अंगद कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मोहर्रम कमेटी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Afjal Quraishi /Basti
