नगर बाजार में बिजली संकट पर जनप्रतिनिधियों का अल्टीमेटम, दो दिन में व्यवस्था नहीं सुधरी तो होगा मौन सत्याग्रह
Basti Uttar Pradesh-बस्ती नगर पंचायत नगर बाजार में लंबे समय से जारी अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीलम सिंह राणा एवं सभासदों द्वारा अधिशासी अभियंता,विद्युत वितरण खंड बस्ती को ज्ञापन सौंपकर नगर क्षेत्र की बदहाल बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि दो दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो चीफ इंजीनियर कार्यालय पर मौन सत्याग्रह किया जाएगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पंचायत में नए फीडर के निर्माण के बावजूद बिजली आपूर्ति नियमित नहीं हो पा रही है। आए दिन होने वाले फॉल्ट के कारण घंटों तक बिजली बाधित रहती है, जिससे आम जनता, व्यापारी और किसान परेशान हैं।
जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि शिकायत करने पर संबंधित अधिकारी कर्मचारियों की कमी का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बचते हैं, जबकि जनता को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी क्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष एवं कांग्रेस कमेटी बस्ती के यशराज के.के. ने भी नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासदों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह जनहित का मुद्दा है और जनता के अधिकारों की लड़ाई में वह कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग से नगर बाजार की बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।
Afjal Quraishi -Basti
