बस्ती में 18 व19 जून को होगी दो दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला,किसानों को मिलेगी उन्नत तकनीकों की जानकारी

0
Basti/Uttar Pradesh-बस्ती कृषि विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा जनपद बस्ती में 18 एवं 19 जून 2026 को दो दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं जन-जागरूकता अभियान "प्राकृतिक के साथ, समृद्धि के राह" का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा रसायन मुक्त एवं टिकाऊ कृषि की जानकारी उपलब्ध कराना है।

उप कृषि निदेशक अशोक कुमार ने बताया कि भारत सरकार द्वारा खेत बचाओ अभियान, धरती माता बचाओ एवं विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद स्तर पर विशेष कार्यशालाओं एवं कृषक गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि 18 जून 2026 को कृषि विज्ञान केंद्र, बंजरिया, बस्ती में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्राकृतिक खेती विषयक जनपद स्तरीय कार्यशाला एवं त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के अंतर्गत कृषक गोष्ठी आयोजित होगी। वहीं 19 जून 2026 को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में प्राकृतिक खेती तकनीकी एवं कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण योजना के अंतर्गत जनपदीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। दोनों कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे से प्रारंभ होंगे।

कार्यशाला के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं कृषि विशेषज्ञों द्वारा प्राकृतिक खेती की तकनीकों, जैविक संसाधनों के उपयोग, लागत में कमी तथा उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी किसानों को सरकार की जनकल्याणकारी एवं कृषि विकास योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा विशेष स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जहां किसानों और आमजन को विभागीय योजनाओं, कृषि तकनीकों तथा सरकारी सुविधाओं की प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

कृषि विभाग ने जनपद के सभी कृषकों, आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर प्राकृतिक खेती की नवीन तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
 
Afjal Quraishi /Basti

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)