Basti/Uttar Pradesh-मुहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना नगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। इसी क्रम में थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में ताजियादारों, धर्मगुरुओं, मदरसा प्रबंधकों, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ पर्व की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि चंद्र दर्शन के अनुसार मुहर्रम का पर्व 17 जून से प्रारंभ होकर 26 जून तक मनाया जाएगा। सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं मुहर्रम को विशेष महत्व दिया जाता है। इन दिनों क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में ताजिया स्थापित की जाती हैं तथा पारंपरिक जुलूस निकाले जाते हैं।
पुलिस के अनुसार इस वर्ष थाना नगर क्षेत्र में कुल 158 छोटी-बड़ी ताजियों के रखे जाने की तैयारी है। सातवीं और नौवीं मुहर्रम को कस्बा नगर में परंपरागत मार्गों से जुलूस निकाले जाएंगे। सभी आयोजनों की निगरानी के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
ताजियों का विसर्जन राजली, बटुपुर, महेरा, ढोंढ़उपुर, नगर बाजार, कोटवा और भरतपुर के निर्धारित स्थलों पर कराया जाएगा। बैठक में अधिकारियों ने ताजियादारों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मुहर्रम शोक और त्याग का पर्व है। इसे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने में सभी समुदायों का सहयोग आवश्यक है। प्रशासन का प्रयास है कि क्षेत्र की सभी 158 ताजियों का सकुशल जुलूस एवं विसर्जन संपन्न कराया जाए और कहीं भी कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने पाए।
Afjal Quraishi-Basti
