BASTI/UTTAR PRADESH-बस्ती जनपद बस्ती के कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने निरीक्षण कर कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में मंत्री का स्वागत हर्रैया विधानसभा के विधायक अजय सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार पांडेय तथा विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा द्वारा किया गया।
समीक्षा बैठक में मंत्री शाही योजनाओं की प्रगति से संतुष्ट नजर आए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों से जुड़ी समस्याओं का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र किया जाए।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद और बीज की कोई कमी नहीं है तथा किसानों को सभी आवश्यक संसाधन समय से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के मामले में जनपद बस्ती की स्थिति संतोषजनक है, लेकिन इसे और बेहतर बनाने के लिए सभी अधिकारी 30 अप्रैल तक यह कार्य हर हाल में पूर्ण कर लें। साथ ही किसान भाइयों से अपील की कि वे अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में कृषि एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक राम बचान राम, उप कृषि निदेशक अशोक गौतम,जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्य, जिला कृषि रक्षा अधिकारी रतन शंकर ओझा, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ.राजमंगल चौधरी सहित कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया के प्राचार्य एवं समन्वयक डॉ. एस.के.तोमर,वैज्ञानिक डॉ.पी.के.मिश्रा, डॉ.राघवेंद्र विक्रम सिंह, डॉ.बी.वी.सिंह एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
AFJAL QURAISHI-BASTI
