BASTI/UTTAR PRADESH-नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम प्रतापपुर मे ग्राम पंचायत की संपत्ति को कथित रूप से चोरी करने का विरोध करने पर एक युवक को जान से मारने की धमकी दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित अजीत कुमार सिंह पुत्र बदलू सिंह निवासी ग्राम प्रतापपुर ने थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनके ही ग्राम पंचायत के अखण्ड प्रताप सिंह उर्फ छोटू पुत्र शैलेश कुमार अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ 11 मार्च की रात लगभग 12 बजे ग्रामसभा की ओर से हरिजन बस्ती जाने वाले रास्ते पर लगी नहर से ह्यूम पाइप को ट्रैक्टर से बांधकर निकाल रहे थे।
अजीत कुमार सिंह ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र मे आरोप लगाया है कि वह लखनऊ से घर लौट रहे थे तभी उन्होंने इस घटना को देखा और पाइप निकालने का विरोध किया। आरोप है कि इस दौरान अखण्ड प्रताप सिंह उर्फ छोटू ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं पीड़ित का कहना है कि आरोपी लगातार फोन कर उन्हें धमकी और अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है।
पीड़ित ने यह भी बताया कि घटना के दौरान उसने ह्यूम पाइप निकालते समय की फोटो जीपीएस के साथ अपने मोबाइल में कैद की है जो साक्ष्य के रूप में उसके पास सुरक्षित है।
पीड़ित ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध मे पूछे जाने पर थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
AFJAL QURAISHI-BASTI
