BASTI/UTTAR PRADESH-पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी कलवारी कार्यालय पेशी का अचानक औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्था, रजिस्टरों और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी त्यागी ने सीसीटीएनएस ई-ऑफिस सहित पेशी कार्यालय और पूरे परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने अपराध रजिस्टर,जेड रजिस्टर,आर्डर बुक रजिस्टर, जांच प्रार्थना पत्र रजिस्टर, एसआर रजिस्टर और कार्य वितरण रजिस्टर का विस्तार से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सख्ती से निर्देश देते हुए कहा कि रजिस्टरों में सभी प्रविष्टियां तुरंत अद्यतन की जाएं। कार्यालय और परिसर की साफ-सफाई प्रतिदिन सुनिश्चित की जाए। लंबित प्रकरणों और अभियोगों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
आगंतुकों के साथ शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार रखा जाए। आरोप पत्र एवं अंतिम रिपोर्ट समय से न्यायालय में दाखिल की जाएं।
इसके अलावा उन्होंने शेष कर्मियों का आई गोट प्रशिक्षण पूरा कराने, सर्किल के थानों से आधिकारिक बहू-बेटी सम्मेलन कराने, ऑपरेशन क्लीन एवं ऑपरेशन दहन के तहत नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा कार्यालय का अधिकाधिक उपयोग करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी कलवारी संजय सिंह, क्षेत्राधिकारी हर्रैया सुश्री स्वर्णिमा सिंह, थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह तथा पेशी कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
AFJAL QURAISHI-BASTI
