BASTI/UTTAR PRADESH-बस्ती एलटीटी ट्रेन में एक यात्री के छूटे कीमती बैग को जीआरपी ने बरामद कर सकुशल वापस सौंप दिया। इस सराहनीय कार्य से यात्री ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थनगर जनपद के थाना कठेला क्षेत्र के झकहिया निवासी निशार अहमद ट्रेन संख्या 20103 एलटीटी से यात्रा कर रहे थे। वह बस्ती रेलवे स्टेशन पर उतर गए, लेकिन उनके दो बैग ट्रेन में ही छूट गए। बैग में सोने के आभूषण समेत करीब 25 हजार रुपये के अन्य कीमती सामान मौजूद थे।
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी जीतेंद्र कुमार सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रेन में तैनात स्कोर्टकर्मियों को सूचना दी। स्कोर्टकर्मियों ने ट्रेन में सघन तलाशी अभियान चलाकर दोनों बैग सुरक्षित बरामद कर लिए।
इसके बाद बैग को जीआरपी चौकी खलीलाबाद को सौंप दिया गया, जहां पहुंचकर यात्री निशार अहमद ने अपने बैग की पहचान कर उसे प्राप्त कर लिया।
बैग सुरक्षित मिलने पर उन्होंने जीआरपी टीम की तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
AFJAL QURAISHI-BASTI
