फार्मर रजिस्ट्री के लिए 6 से 15 अप्रैल तक ग्राम पंचायतों में विशेष कैम्प, योजनाओं का लाभ पाने का सुनहरा मौका

0
BASTI/UTTAR PRADESH-बस्ती शासन द्वारा एग्री स्टैक (डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर) के तहत फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने के लिए जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में 6 अप्रैल से 15 अप्रैल तक ग्राम सचिवालय स्तर पर विशेष कैम्प अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से किसानों का पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

उप कृषि निदेशक अशोक कुमार गौतम ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री कराने से किसानों को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की आगामी किस्त प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य होगी। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड और अन्य कृषि ऋण प्राप्त करने में भी आसानी होगी। साथ ही फसल बीमा योजना और आपदा प्रबंधन के तहत क्षतिपूर्ति दिलाने में भी यह रजिस्ट्री सहायक साबित होगी।

उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से कृषि एवं संबद्ध विभागों को किसानों का सटीक डाटा उपलब्ध होगा, जिससे योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सरल तरीके से वितरित किया जा सकेगा। साथ ही लाभार्थियों का बार-बार सत्यापन कराने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी।

किसान भाई अपनी फार्मर रजिस्ट्री स्वयं मोबाइल एप के माध्यम से या जन सेवा केंद्र (CSC) पर निर्धारित शुल्क देकर करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत स्तर पर कृषि विभाग के कर्मचारी, राजस्व लेखपाल, पंचायत सहायक और रोजगार सेवक द्वारा लगाए जा रहे कैम्प में भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

रजिस्ट्री के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर (ओटीपी के लिए) तथा भूमि से संबंधित अभिलेख जैसे खसरा-खतौनी की प्रति आवश्यक होगी।

उप कृषि निदेशक ने सभी किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने ग्राम पंचायत के कैम्प में पहुंचकर फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

AFJAL QURAISHI-BASTI

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)