राफेल और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पिचकारियों की धूम,नगर बाजार में होली की रौनक चरम पर

0


BASTI/UTTAR PRADESH-बस्ती आदर्श नगर पंचायत नगर बाजार में होली का उत्साह इन दिनों अपने शबाब पर है। इस बार बाजार में देशभक्ति थीम पर आधारित पिचकारियां बच्चों और युवाओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। ‘राफेल’ और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से बिक रही पिचकारियां हाथों-हाथ ली जा रही हैं।

दुकानदारों के अनुसार इन विशेष डिजाइनों की मांग सबसे अधिक है। बच्चे इन पिचकारियों को खरीदने के लिए जिद कर रहे हैं, जिससे बाजार में खासा उत्साह देखा जा रहा है। देशभक्ति रंग में रंगी इन पिचकारियों ने होली के बाजार को नया अंदाज दे दिया है।
पिचकारियों के साथ-साथ खिलौना और कपड़ा बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। सफेद कुर्ता-पायजामा, रंग-बिरंगी टी-शर्ट और पारंपरिक परिधानों की जमकर खरीदारी हो रही है। महिलाएं साड़ियों और सूटों की खरीद में खास दिलचस्पी दिखा रही हैं। व्यापारियों का कहना है कि बीते कुछ दिनों में बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी हुई है, जिससे बाजार में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

हालांकि त्योहार की खुशियों के बीच मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर लोगों में चिंता भी है। मावा, मिठाई और रंगों की गुणवत्ता को लेकर उपभोक्ता सतर्क नजर आ रहे हैं। कई नागरिकों ने प्रशासन से सघन जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि मिलावटखोरों पर सख्ती हो और लोग सुरक्षित माहौल में होली मना सकें।

नगरवासियों का कहना है कि होली प्रेम और भाईचारे का पर्व है, इसलिए शुद्ध खाद्य सामग्री और सुरक्षित रंगों का उपयोग जरूरी है। उनका मानना है कि यदि प्रशासन और व्यापारी अपनी जिम्मेदारी निभाएं तो त्योहार की खुशियां दोगुनी हो सकती हैं।

AFJAL QURAISHI-BASTI

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)