एक तरफा प्रेम में पागल युवक बना हैवान,इंटर की छात्रा की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या

0
BASTI/UTTAR PRADESH-बस्ती जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेड़ारी ऐहतमाली गांव के मदरहवा पुरवा में सोमवार की आधी रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सनकी युवक ने घर में घुसकर 18 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका अनुष्का (18) पुत्री दिनेश अपने छोटे भाई अनीश (14) के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। इसी दौरान गांव का ही मनदीप पासवान (32) पुत्र रंगीलाल अवैध तमंचा लेकर वहां पहुंचा और सो रही किशोरी के मुंह व सिर में सटाकर दो गोलियां दाग दीं। गोली की आवाज सुनकर छोटा भाई जाग गया और शोर मचाने लगा।
फाइल फोटो-मृतका अनुष्का
गंभीर रूप से घायल अनुष्का को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनरहा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि वारदात के बाद भागते समय आरोपी ने मृतका की मां अनीता देवी पर भी फायर झोंका, लेकिन वह बाल-बाल बच गईं।

मृतका की मां ने गांव के ही एक युवक पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि तीन माह पूर्व उक्त युवक ने उनकी बेटी की आपत्तिजनक फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल की थी, जिस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। हाल ही में पीड़िता का न्यायालय में बयान भी हुआ था। बताया कि युवक जबरदस्ती मेरी बेटी से शादी व संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। जिसको लेकर वह कई बार धमकी भी दे चुका था।

बताया जा रहा है कि मृतका ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी, जबकि उसके पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं। 

इस संबंध में थाना अध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है जिसके लिए पांच टीमें लगाई गई हैं।

AFJAL QURAISHI-BASTI

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)