BASTI/UTTAR PRADESH-नगर थाना क्षेत्र में बस्ती-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रिठिया ओवरब्रिज के पास सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय चंदनधारी प्रजापति, निवासी पटखौली राजा थाना कप्तानगंज,मोटरसाइकिल से बस्ती सब्जी की खरीददारी करने गए थे।
सब्जी लेकर वह वापस अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह नगर थाना क्षेत्र के ग्राम रिठिया के पास ओवरब्रिज पर पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही चंदनधारी प्रजापति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल बस्ती पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
AFJAL QURAISHI-BASTI
