गिदही पावर प्लांट से चोरी का खुलासा, ई-रिक्शा सहित चार आरोपी गिरफ्तार
BASTI/UTTAR PRADESH-बस्ती कोतवाली थाना पुलिस ने गिदही पावर प्लांट के भंडारण केंद्र से सरकारी एल्युमिनियम तार और लोहे के एंगल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार शिवा कॉलोनी निवासी राजकुमार सिंह ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर बताया था कि 7 मार्च की रात करीब दो बजे गिदही पावर प्लांट के भंडारण परिसर में तैनात गार्ड ने कुछ अज्ञात लोगों को दीवार कूदकर भागते हुए देखा। गार्ड द्वारा परिसर की जांच करने पर पता चला कि वहां से करीब सात बंडल सरकारी एल्युमिनियम तार चोरी हो गए हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा संख्या 105/26 धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर करनपुर के पास झलकटिया मार्ग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वसीम (20) निवासी परसा तकियवा थाना पुरानी बस्ती, कपूर चौधरी (22) निवासी लोहटी थाना कोतवाली तथा मनीष कुमार (19) निवासी बायपोखर थाना पुरानी बस्ती के रूप में हुई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान इनका एक साथी अमित पुत्र प्रकाश उर्फ मुन्ना निवासी बायपोखर मौके से फरार हो गया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी दिनेश उर्फ कल्लू (42) निवासी समसपुर थाना लालगंज को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से यूपी 51 बीटी 9563 नंबर का ई-रिक्शा, पांच बंडल एल्युमिनियम तार तथा 18 लोहे के एंगल बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
AFJAL QURAISHI-BASTI
