BASTI/UTTAR PRADESH-बस्ती जनपद के नगर थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरिया के पास बुधवार शाम पल्सर बाइक और स्कूटी के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में पल्सर सवार 19 वर्षीय नौशाद पुत्र लियाकत अली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार सलमान पुत्र सुलेमान गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नौशाद किसी काम से नगर बाजार की ओर आ रहे थे। शाम के समय सड़क पर सामान्य आवागमन था, लेकिन दोनों वाहनों की तेज रफ्तार और संभवतः एक-दूसरे को समय रहते न देख पाने के कारण आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और नौशाद ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
नौशाद की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जाता है कि मात्र पांच माह पहले ही उनकी शादी हुई थी। नई-नई जिम्मेदारियों और सपनों के साथ शुरू हुआ उनका वैवाहिक जीवन अचानक इस हादसे में खत्म हो गया, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बस्ती भेज दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल सलमान को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
AFJAL QURAISHI-BASTI
