अनुसूचित जाति की महिला से मारपीट,जातिसूचक गाली व लूट का आरोप,कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

0
BASTI/UTTAR PRADESH-बस्ती जनपद बस्ती के थाना नगर क्षेत्र अंतर्गत एक अनुसूचित जाति की महिला के साथ कथित उत्पीड़न, मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज, छेड़छाड़ और लूट के मामले में विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई ग्राम प्रतापपुर निवासी पीड़िता पद्मावती देवी की ओर से दाखिल प्रार्थना पत्र पर संज्ञान लेते हुए की गई।

पीड़िता के अनुसार,वह अनुसूचित जाति से संबंधित हैं, जबकि आरोपित अजय सिंह, पिंटू सिंह व झिनू उर्फ अजीत सिंह उसी गांव के निवासी हैं। आरोप है कि आरोपी पहले से ही उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित करते रहे हैं।

बताया गया कि 9 नवंबर 2025 की शाम करीब 7:30 बजे प्रतापपुर चौराहे पर बसंत की दुकान के सामने आरोपियों ने एकजुट होकर पीड़िता के पति के साथ जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उन्हें लात-घूंसे और डंडों से पीटा गया।

शोर सुनकर जब पीड़िता और उनकी सास बचाव के लिए पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इसी दौरान पिंटू सिंह ने पीड़िता के गले से चांदी की माला छीन ली और उनका ब्लाउज फाड़ दिया।

आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। घटना कथित तौर पर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद होने की बात कही गई है।

पीड़िता ने बताया कि उन्हें गंभीर चोटें आई थीं,जिनका इलाज निजी अस्पताल सहित बहादुरपुर,जिला अस्पताल बस्ती और कैली अस्पताल में कराया गया। पुलिस में शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि विशेष न्यायाधीश के आदेश का पालन करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

AFJAL QURAISHI-BASTI

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)