BASTI/UTTAR PRADESH- जनपद बस्ती में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) की नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
नगर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमौर निवासी दिनेश कुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी पहचान परसा लाड़ा निवासी अखिलेश चौधरी से हुई थी। अखिलेश ने उन्हें सचिवालय में कार्यरत बताए गए जयप्रकाश नामक व्यक्ति से मिलवाया। दोनों ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए फर्जी जॉइनिंग लेटर के जरिए नौकरी दिलाने का झांसा दिया
आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी के पद पर चयन कराने के नाम पर 15 लाख रुपये की मांग की गई, जिसे दिनेश ने अलग-अलग तिथियों में आरोपियों को दे दिया। जब भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित हुआ और उनका नाम सूची में नहीं आया, तो उन्होंने रुपये वापस मांगे।
पीड़ित का कहना है कि दबाव बनाने पर आरोपियों ने एक्सिस बैंक के तीन चेक दिए, जो बाद में बाउंस हो गए।
दोबारा पैसा मांगने पर गाली-गलौज,मारपीट,गाड़ी की चाबी छीनने और जान से मारने की धमकी दी गई।
दिनेश किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचे। उनका दावा है कि पूरी घटना की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग सहित सभी साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना नगर में धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
AFJAL QURAISHI-BASTI
