नगर बाजार में अव्यवस्था पर चला प्रशासनिक चाबुक, भानु प्रताप सिंह का एक्शन

0
BASTI/UTTAR PRADESH-नगर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह लगातार सख्त कदम उठा रहे हैं। उनके नेतृत्व में पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाइयों का असर अब नगर बाजार क्षेत्र में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।

इसी क्रम में नगर–कलवारी रोड स्थित नगर बाजार के मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई। पेट्रोल पंप के सामने से लेकर देसी शराब की दुकान तक सड़क किनारे पटरियों पर अवैध रूप से लगाई गई मांस और मछली की दुकानों को हटाया गया।
 
दुकानदारों द्वारा सड़क की ओर डेढ़ से दो मीटर तक कब्जा कर लिया गया था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

पेट्रोल पंप के ठीक सामने ऐसी दुकानों के कारण परिवार के साथ आने वाले लोगों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता था।

देसी शराब की दुकान के आसपास लगने वाली भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग से आए दिन जाम की स्थिति बन जाती थी। सड़क संकरी होने के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं। 

लंबे समय से इस समस्या को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन अब जाकर ठोस कार्रवाई हुई है।
थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया और दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी कि भविष्य में सड़क या पटरियों पर दोबारा कब्जा न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कार्रवाई के बाद थानाध्यक्ष ने नगर बाजार का पैदल निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा सभी से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

AFJAL QURAISHI-BASTI

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)