सल्टौआ गोपालपुर में चार दिवसीय विराट किसान मेले का भव्य शुभारंभ,किसानों को मिली नई तकनीकों की जानकारी

0
BASTI/UTTAR PRADESH- कृषि उत्पादन में वृद्धि के उद्देश्य से कृषि प्रसार, कृषि निवेश एवं तकनीकी प्रबंधन योजना के अंतर्गत जनपद में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेलों एवं महोत्सवों के साथ एक विराट किसान मेले का शुभारंभ रविवार को विकास खंड सल्टौआ गोपालपुर के ग्राम पंचायत पोखरभिटवा स्थित बघढ़ेरवा शिव मंदिर परिसर में किया गया। 
चार दिवसीय इस विशाल किसान मेले का उद्घाटन जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबू राम मौर्या द्वारा किया गया। 

मेले के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीणजन एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबू राम मौर्या ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से अवगत कराना और विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर उनकी आय में वृद्धि करना है। 

उन्होंने बताया कि कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र, संतुलित उर्वरक प्रयोग, कीट एवं रोग प्रबंधन, प्राकृतिक खेती तथा सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
मेले में कृषि विभाग एवं उससे संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां विशेषज्ञों के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। 

सहायक विकास अधिकारी कृषि विजय कुमार वर्मा ने किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। विषय वस्तु विशेषज्ञ सत्येन्द्र कुमार ने फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी।


इस अवसर पर मेला प्रबंधक सानू चौधरी, वरिष्ठ सहायक कौशल किशोर सिंह, कनिष्ठ सहायक संकट हरण पाण्डेय सहित अन्य कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे। मेले में किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए विशेषज्ञों द्वारा परामर्श भी दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मशहूर भोजपुरी गायक अमरेश पाण्डेय ‘अमृत’ की प्रस्तुति रही। उनके द्वारा प्रस्तुत खेती-किसानी और देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों ने किसानों और दर्शकों में जोश भर दिया। गीत-संगीत के माध्यम से किसानों को जागरूक करने का यह प्रयास सभी को खूब पसंद आया।

चार दिनों तक चलने वाले इस विराट किसान मेले से क्षेत्र के किसानों को नवीन तकनीकों से जुड़ने और कृषि क्षेत्र में प्रगति का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।

AFJAL QURAISHI -BASTI

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)