Basti/Uttar Pradesh- रबी सीजन 2025-26 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर कृषि विभाग सक्रिय हो गया है। उप कृषि निदेशक बस्ती कार्यालय ने कृषकों के हित में महत्वपूर्ण जानकारी जारी करते हुए बताया कि रबी-2025-26 मौसम में फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि वे समय पर बीमा कराएं, जिससे प्राकृतिक आपदा या मौसमीय प्रतिकूलता की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
कार्यालय द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुसार, सभी किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) धारक कृषक, जो योजना में शामिल नहीं होना चाहते हैं, उन्हें अंतिम तिथि से 7 दिन पूर्व, अर्थात 24 दिसंबर 2025 तक अपनी संबंधित बैंक शाखा को लिखित रूप में सूचित करना अनिवार्य है। यदि कोई कृषक निर्धारित तिथि तक सूचना देने में असफल रहता है, तो बैंक उसके खाते से बीमा प्रीमियम स्वतः काटकर उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर किसान को बीमा योजना में शामिल कर देगा।
कृषि विभाग ने कहा है कि तेजी से बदलते मौसम, बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के खतरे को देखते हुए फसल बीमा किसानों की आय सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। बीमा योजना के माध्यम से नुकसान की भरपाई संभव हो पाती है और किसान परिवार आर्थिक संकट से बच जाते हैं।
उप कृषि निदेशक ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे समय पर अपनी बैंक शाखा में संपर्क कर फसल बीमा अवश्य कराएं। विभाग का कहना है कि बीमा करवाना कृषक के लिए भविष्य की सुरक्षा का मजबूत आधार है, इसलिए अंतिम समय का इंतजार न करें और नियत तिथि से पहले ही प्रक्रिया पूर्ण कर लें।
AFJAL QURAISHI-BASTI
