नगर पंचायत नगर ने शुरू की अनूठी पहल, सड़क दुर्घटना पीड़ितों का होगा मुफ्त इलाज

0
Basti/Uttar Pradesh- नगर पंचायत नगर ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का पालन करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले व्यक्तियों के लिए निःशुल्क इलाज सुविधा शुरू की है। इस अनोखी योजना का शुभारंभ भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती की पूर्व संध्या पर नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना द्वारा किया गया। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और इसे पीपीपी मॉडल पर "बस्ती हेल्थ क्लब" के सहयोग से संचालित किया जाएगा।

अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि अब आर्थिक अभाव किसी भी दुर्घटना पीड़ित की जान जाने का कारण नहीं बनेगा। नगर पंचायत क्षेत्र का कोई भी निवासी, जो सड़क हादसे का शिकार होता है, वह आवश्यकतानुसार इस योजना का लाभ उठा सकेगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरने के कारण दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं, ऐसे में यह योजना गरीब और जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दुर्घटना पीड़ित को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचने पर दवाएं, इंजेक्शन या जांच उपलब्ध नहीं होती हैं तो उनकी व्यवस्था नगर पंचायत द्वारा की जाएगी। यह सुविधा पीड़ित के भर्ती रहने तक जारी रहेगी।

दवाओं की उपलब्धता के लिए नगर पंचायत ने शिव गोविंद कुमार (मो. 9450570478), अमन गुप्ता (मो. 7985151846) से संपर्क करने की व्यवस्था की है। पैथोलॉजी जांच के लिए राकेश शर्मा (मो. 9260927883) तथा अन्य जांचों के लिए मुकेश मिश्र (मो. 7233918210), जटा शंकर तिवारी (मो. 7388687028) और सुशीला सीता गौड़ (मो. 6391404630) के माध्यम से ओझा डायग्नोस्टिक सेंटर की सेवाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने भी भाग लिया और नगर पंचायत की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को मॉडल पंचायत बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
कार्यक्रम में अधिकारीगण, सभासद और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

AFJAL QURAISHI-BASTI

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)