मिशन शक्ति की बड़ी सफलता: बस्ती में महिलाओं के मंगलसूत्र छीनने वाले गिरोह का पर्दाफाश

0
बस्ती/उत्तर प्रदेश-मिशन शक्ति अभियान की बड़ी सफलता महिलाओं के मंगलसूत्र छीनने वाले गिरोह का बस्ती पुलिस ने भंडाफोड़ किया

मिशन शक्ति अभियान के तहत बस्ती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महिलाओं के गले से मंगलसूत्र व लॉकेट झपट्टा मारकर छीनने वाले सक्रिय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। थाना लालगंज, थाना मुंडेरवा, एसओजी, स्वाट व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है।

पुलिस ने आरोपियों को लालगंज–कुदरहा मार्ग स्थित भक्तुपुर कुवानो नदी पुलिया के पास से दबोचा। मौके से चार लूटे गए लॉकेट, दो मोटरसाइकिल और दो नाजायज चाकू बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में दो सोनार — गौरीशंकर और इन्द्रजीत वर्मा भी हैं, जो महिलाओं से छीने गए जेवर खरीदते थे।

गैंग का संचालन बालकेश नामक युवक करता था। पुलिस पूछताछ में उसने वारदातों का खुलासा करते हुए बताया कि गिरोह महिलाओं को सबसे आसान निशाना मानकर उनके गले से जेवर छीनता था। लूटे गए जेवर बानपुर चौराहे पर सोनारों की दुकानों पर बेचकर नकद रुपये में बदल दिए जाते थे।

बालकेश ने कबूला कि 5 सितम्बर को सेल्हरा गांव के पास महिला से लॉकेट छीनकर 4 हजार रुपये में बेचा था। वहीं, 19 सितम्बर को मुंडेरवा थाना क्षेत्र के मेहडा सैदवार पुलिया के पास महिला से लॉकेट छीनकर 6 हजार रुपये में बेचा। इसके अलावा संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र में भी दो महिलाओं से जेवर छीनने की वारदात की बात सामने आई है।

गिरोह के अन्य सदस्य — शत्रुधन उर्फ पंगुल, विवेक (पुत्र धर्मेंद्र), विनीत चौधरी, विवेक (पुत्र राकेश) और एक बाल अपचारी पुलिस गिरफ्त में हैं। पूछताछ में बालकेश ने बताया कि वारदात से मिले रुपये आपस में बांटकर खर्च किए जाते थे।

पुलिस जांच में आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। गैंग लीडर बालकेश पर 304, 317, 319, 338, 340 BNS व आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य अभियुक्तों पर भी लालगंज व मुंडेरवा थानों में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक बस्ती ने टीम को इस सफलता के लिए सराहा है। महिला सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

रिपोर्टर-अफ़ज़ाल क़ुरैशी-बस्ती
8808210553

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)