नगर बाज़ार/बस्ती-मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार का दिन बालिकाओं के लिए विशेष रहा। बहादुरपुर विकास खण्ड में कक्षा 7 की छात्रा सलोनी अग्रहरी को एक दिन के लिए खण्ड विकास अधिकारी बनने का अवसर दिया गया। सलोनी ने कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना से जुड़ी जानकारी ली और लोगों को योजनाओं से लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में कक्षा 8 की सपना को नगर थाने की प्रभारी के रूप में कार्य करने का मौका मिला। सपना ने महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर लोगों को जागरूक किया।
इसी अभियान के अंतर्गत कक्षा 7 की मानशी को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बस्ती का कार्यभार सौंपा गया। मानशी ने विद्यालयों की गुणवत्ता सुधारने, खेल के मैदान की व्यवस्था बढ़ाने और समाज में जेंडर इक्विटी को मजबूत करने जैसे विषयों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि लड़कियों को शिक्षा और अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे सकती हैं।
इस मौके पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय नगर की वार्डेन नीलम पाण्डेय ने बताया कि बच्चियों को इस तरह के अवसर मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए तैयार होंगी। कार्यक्रम में सीडीओ, बीईओ और डीसी समेत विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे और बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया।
मिशन शक्ति के इस अनोखे आयोजन ने यह संदेश दिया कि बेटियां भी समाज और प्रशासन की जिम्मेदारियों को कुशलता से संभाल सकती हैं और उन्हें उचित अवसर दिए जाने चाहिए।
रिपोर्टर-अफ़ज़ाल क़ुरैशी-बस्ती
8808210553
