बस्ती/उत्तर प्रदेश-नवरात्रि के पावन अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर माता दुर्गा के संबंध में अभद्र टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले एक युवक को नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी के पर्यवेक्षण में नगर थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार युवक की पहचान नीरज पुत्र वीरेंद्र उर्फ गामा, निवासी पिपरा गौतम थाना नगर, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना नगर में मु.अ.सं. 245/2025 धारा 353(3) भारतीय न्याय संहिता व 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाली टिप्पणी की थी, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन सकता था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्र कर उसे सोमवार दोपहर करीब 3:45 बजे गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय के साथ उपनिरीक्षक मोहम्मद मुस्तफा, हेड कांस्टेबल कुंवर बहादुर यादव और कांस्टेबल साहब कुमार शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर-अफ़ज़ाल क़ुरैशी-बस्ती
8808210553
