बस्ती /उत्तर प्रदेश- बस्ती आस्था फाउंडेशन द्वारा संचालित "वॉक फॉर लाइफ" डायबिटीज जागरूकता अभियान के तहत अधिवक्ताओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मशहूर फिजिशियन डॉ. दिवाकर तेजस्वी ने कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण और भागदौड़ भरी जीवनशैली डायबिटीज के बढ़ते मामलों का प्रमुख कारण बन रही है।
उन्होंने कहा कि लगातार मानसिक तनाव, काम का दबाव और अनियमित दिनचर्या लोगों को डायबिटीज की ओर धकेल रही है। साथ ही यदि परिवार में किसी सदस्य को डायबिटीज है तो अन्य सदस्यों में भी इसके होने की संभावना बढ़ जाती है। डॉ. तेजस्वी ने बताया कि डायबिटीज ऐसी बीमारी है जो हृदय रोग, किडनी, आंख और नसों से जुड़ी कई अन्य समस्याओं को भी जन्म देती है।
उन्होंने अधिवक्ताओं से नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, व्यायाम और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने डायबिटीज से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से जवाब दिया।
आस्था फाउंडेशन के सचिव पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि संस्था लगातार लोगों को डायबिटीज के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है। अधिवक्ताओं के बीच यह कार्यक्रम इसलिए आयोजित किया गया क्योंकि उनका पेशा अत्यधिक तनावपूर्ण होता है।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन संजीव कर्ण ने किया। इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, महासचिव अरविंद कुमार महुआर, श्यामल किशोर, कृष्ण किशोर सिंह, सुनील सिंह, संजय सहाय, कमलेश सिन्हा, कृष्ण मुरारी, अमरेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, कमल कुमार, अंशुमान सहित सैकड़ों अधिवक्ताओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।
Afjal Quraishi/Basti
