प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने MMMUT की कमान संभाली; विश्वविद्यालय का पहली महिला कुलपति

0
प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने MMMUT की कमान संभाली; विश्वविद्यालय का पहली महिला कुलपति
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) की नवनियुक्त कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने आज सुबह अटल भवन में विश्वविद्यालय के पांचवें कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। यह नियुक्ति ऐतिहासिक मानी जा रही है क्योंकि विश्वविद्यालय बनने के बाद यह पद पहली बार किसी महिला के हाथ में आया है। संभवत: प्रदेश के राजकीय तकनीकी संस्थानों में भी यह पहला अवसर है जब कोई महिला कुलपति या निदेशक नियुक्त हुई है।
जनभवन, लखनऊ द्वारा निर्गत आदेश के अनुसार प्रो. शर्मा का पदाधिकार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष का कार्यकाल होगा। अटल भवन स्थित कुलपति सचिवालय में पूर्व कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने औपचारिक रूप से उन्हें कार्यभार सौंपा। कार्यभार ग्रहण समारोह में कुलसचिव श्री चंद्र प्रकाश प्रियदर्शी, वित्त नियंत्रक श्री विनय कुमार राय, अधिष्ठाता प्रो. जय प्रकाश, प्रो. बी. के. पांडेय, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अभिजित मिश्र, उपकुलसचिव डॉ. डी. के. गोस्वामी, सहायक कुलसचिव श्री प्रदीप कांत सिंह, श्री मनोज बलोनी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। परिवार के सदस्यों में उनके पति प्रो. एस. के. शर्मा, माननीय कुलपति, पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी, बठिंडा भी मौजूद रहे।
शैक्षिक व अनुसंधान पृष्ठभूमि
प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने अपनी उच्च शिक्षा पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से पूर्ण की—बी.ई. (केमिकल इंजीनियरिंग) 1993, एम.ई. (केमिकल इंजीनियरिंग) 1995, एम.बी.ए. (फाइनेंस) 1999 और पीएचडी (केमिकल इंजीनियरिंग) 2005। वे सांख्यिकी और फ्रेंच भाषा में डिप्लोमा होल्डर भी हैं। अकादमिक करियर की शुरुआत उन्होंने 1999 में पंजाब विश्वविद्यालय में लेक्चरर के रूप में की और 2008 में एसोसिएट प्रोफेसर तथा 2011 में प्रोफेसर बनीं। उनके पास शिक्षण, शोध और अकादमिक प्रशासन में 31 वर्षों का अनुभव है।
प्रो. शर्मा ने लगभग 100 अंतर्राष्ट्रीय तथा राष्ट्रीय शोध पत्र प्रकाशित किए हैं और 10 पीएचडी शोध प्रबंधों का मार्गदर्शन किया है। उन्हें एशियन पॉलिमर एसोसिएशन का यंग रिसर्चर अवार्ड, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद का करियर अवार्ड फॉर यंग टीचर्स तथा इंडो-स्विस बाइलैटरल रिसर्च इनिशिएटिव फेलोशिप सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, डीआरडीओ, यूजीसी, एआईसीटीई और सीएसआईआर द्वारा वित्तपोषित दर्जनों शोध परियोजनाएँ सफलतापूर्वक पूर्ण की हैं तथा अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग भी किया है।
स्वागत एवं भाषण
दोपहर में अटल भवन बोर्डरूम में पूर्व कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी का विदाई एवं नवागत कुलपति का स्वागत समारोह आयोजित हुआ, जहां विभागाध्यक्षों, अधिष्ठाताओं और अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ व उत्तरीय देकर अभिनंदन किया। समारोह के दौरान बोलते हुए प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने कहा कि उन्हें गोरखपुर की पावन भूमि पर सेवा करने का अवसर पाकर सौभाग्य महसूस हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि एमएमएमयूटी वर्तमान में देश के शीर्ष 100 संस्थानों में शामिल है और उनका लक्ष्य इसे शीर्ष 50 में लाना है। इसके लिए विश्वविद्यालय परिवार से टीम की तरह काम करने और सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)