*रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी: 8वें वेतन आयोग के लिए एनएफआईआर ने उठाई ₹69,000 न्यूनतम वेतन की मांग*
गोरखपुर । रेल कर्मचारियों के आर्थिक हितों और वेतन विसंगतियों को दूर करने के लिए नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में एनएफआईआर के जनरल सेक्रेटरी डॉ. एम. राघवैया ने 8वें वेतन आयोग (8th CPC) से संबंधित एक विस्तृत मेमोरेंडम रेलवे बोर्ड को सौंपा है। इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी साझा करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री एवं एनएफआईआर (नई दिल्ली) के सहायक महामंत्री श्री विनोद कुमार राय ने बताया कि रेल कर्मचारियों के सम्मानजनक वेतनमान के लिए फेडरेशन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।
श्री विनोद कुमार राय ने अवगत कराया कि JCM के घटक संगठनों के साथ कई दौर की विस्तृत चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया है कि 8वें वेतन आयोग के समक्ष न्यूनतम वेतन ₹69,000 प्रस्तावित किया जाए। यह प्रस्ताव उच्चतम न्यायालय के फैसलों और कर्मचारी की सामाजिक जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उन्होंने आगे जानकारी दी कि फेडरेशन ने वेतन वृद्धि के लिए 3.833 का फिटमेंट फैक्टर निर्धारित करने की मांग की है और साथ ही पे-मैट्रिक्स के विभिन्न लेवल्स में सुधार लाने पर भी जोर दिया है।
श्री राय ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि एनएफआईआर और पीआरकेएस का संयुक्त प्रयास कर्मचारियों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है। उन्होंने बताया कि रेलवे के विशिष्ट कार्य और भत्तों से संबंधित एक और मेमोरेंडम आगामी 28 अप्रैल तक सौंपा जाएगा ताकि ऑपरेटिंग, मेंटेनेंस और अन्य तकनीकी संवर्गों के हितों की पूरी रक्षा हो सके। पूर्वोत्तर रेलवे के समस्त कर्मचारियों ने महामंत्री श्री विनोद कुमार राय द्वारा साझा की गई इस जानकारी का स्वागत किया है और फेडरेशन के इन क्रांतिकारी प्रयासों की सराहना की है।
