माउंट एवरेस्ट बेस कैंप तक साइकिल से पहुंची भारत की पहली महिला: गोरखपुर की दिव्या सिंह
गोरखपुर, 29 मार्च 2026: गोरखपुर जिले के पिपरौली ब्लॉक की बनौड़ा निवासी दिव्या सिंह ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 24 मार्च 2026 को उन्होंने साइकिल से माउंट एवरेस्ट बेस कैंप (ऊंचाई 17,560 फीट) तक पहुंचकर भारत की पहली और विश्व की दूसरी महिला बन गईं। उस समय वहां तापमान माइनस 12 डिग्री सेल्सियस था।
दिव्या, जो प्रोफेशन से टीचर हैं, साइक्लिंग और ट्रैकिंग के प्रति उनका जुनून इस अभियान की प्रेरणा बना। उनके पिता श्री संतराज सिंह और माता श्रीमती उर्मिला सिंह हैं। इस साइकिल यात्रा की शुरुआत 16 मार्च को काठमांडू से हुई, जो 14 दिनों में पूरी हुई। रास्ते में काठमांडू, सलेरी, सुरखे, फॉकडिंग, सागरमाथा नेशनल पार्क, नामचे बाजार, डीबोचे, फिरचे, लोबुचे, गोरखशेप होते हुए वे बेस कैंप पहुंचीं।
यात्रा की शुरुआत भव्य रही। विकास भवन से जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह, डीसी मनरेगा रघुनाथ सिंह और डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह आदि ने फ्लैग ऑफ किया।
दिव्या ने बताया, "यह सफर जितना खूबसूरत था, उतना ही कठिन। हर दिन आधे से ज्यादा समय साइकिल को कंधे पर उठाकर चलना पड़ा। ग्लेशियरों के बीच कम ऑक्सीजन, ऊंचाई, ठंड, थकान और दर्द—सब एक साथ थे। हर सुबह शरीर भारी लगता, हृदय गति 120 बीट्स प्रति मिनट होने से सांस फूलती, फिर भी 10-12 घंटे साइक्लिंग जारी रही। मौसम खराब रहा—हर दिन बर्फबारी, बारिश और तेज हवाएं। दिन में भी तापमान माइनस में चला जाता।"
उनके कोच और रस्ट एडवेंचर कंपनी के मालिक उमा सिंह सर ने गाइड की भूमिका निभाई, जिससे यह अभियान सफल रहा। दिव्या की यह उपलब्धि न केवल भारत बल्कि विश्व स्तर पर महिलाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
