हत्या का सनसनीखेज मामला निकला झूठा, कथित मृतका बच्चे समेत राजस्थान से सकुशल बरामद

0
BASTI/UTTAR PRADESH-बस्ती जनपद बस्ती के थाना कप्तानगंज क्षेत्र में वर्ष 2024 में दर्ज हत्या के एक चर्चित मामले का पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए बड़ा खुलासा किया है। ओटीपी, मोबाइल सर्विलांस और आधार कार्ड अपडेट की जानकारी के आधार पर पुलिस ने कथित मृतका/गुमशुदा महिला को राजस्थान से उसके बच्चों सहित सकुशल बरामद कर लिया है, जिससे पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है।

पुलिस के अनुसार 4 नवंबर 2024 को वादी संदीप कुमार पुत्र रामबली निवासी पिकौरा चौधरी थाना पैकोलिया जनपद बस्ती ने अपनी पत्नी और बच्चे की हत्या कर शव नदी में फेंक देने की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में धारा 103 व 238 भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

जांच के दौरान थाना कप्तानगंज पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश, गवाहों के बयान,सीडीआर विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की,लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।

इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि गुमशुदा महिला ने अपने बच्चे का स्कूल में नाम दर्ज कराने के लिए आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कराया है। 

ओटीपी ट्रेस होने के बाद संबंधित मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया, जिससे लोकेशन राजस्थान के फतेहपुर सीकर क्षेत्र की मिली।

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और वहां से कथित मृतका प्रियंका प्रजापति को उसके बेटे अभि प्रजापति और दूसरे तीन माह के बच्चे के साथ बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती थी और 1 जुलाई 2024 को घर छोड़कर चली गई थी। 

वह पहले अयोध्या गई, जहां एक व्यक्ति मंगल चंद्र निवासी राजस्थान से मुलाकात हुई, जिसने उसे आत्महत्या करने से रोका और बाद में दोनों साथ रहने लगे। महिला ने बताया कि वह वर्तमान में उसी के साथ अपनी इच्छा से रह रही थी।

पुलिस के अनुसार इस खुलासे के बाद हत्या का मामला झूठा साबित हुआ है। महिला को विधिक प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत किया जा रहा है तथा मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

AFJAL QURAISHI-BASTI

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)