बस्ती से अयोध्या तक रहस्य बनी आखिरी यात्रा, दरोगा अजय गौड़ मृत मिले

0

BASTI/UTTAR PRADESH-बस्ती जनपद में तैनात दरोगा अजय गौड़ की रहस्यमय गुमशुदगी के बाद अब अयोध्या में उनका शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। 

5 फरवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए एसएसआई अजय गौड़ की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी, लेकिन तीसरे दिन सरयू नदी में शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि थाना परशुरामपुर में एसओ विश्व मोहन राय के अवकाश पर होने के कारण अजय गौड़ प्रभारी एसओ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 

इसी दौरान उनके अचानक गायब होने की सूचना मिली, जिसके बाद छुट्टी पर गए थानाध्यक्ष तत्काल लौटकर थाने पहुंचे और खोज अभियान तेज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज में अजय गौड़ बस्ती मुख्यालय तक जाते हुए दिखाई दिए थे, लेकिन इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला। कुवानों नदी के किनारे उनकी बाइक मिलने से अनहोनी की आशंका गहरा गई थी। 

पुलिस की कई टीमें लगातार तलाश में लगी थीं, मगर तीसरे दिन अयोध्या की सरयू नदी में शव मिलने से उम्मीदें टूट गईं।

दरोगा की मौत को लेकर अभी कई सवाल अनुत्तरित हैं और उनकी आखिरी यात्रा रहस्य बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं परशुरामपुर थाना सहित पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है और सहकर्मियों की आंखें नम हैं।
AFJAL QURAISHI-BASTI

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)