BASTI/UTTAR PRADESH-नगर थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव के पास एक युवक के साथ कार सवार चार लोगों द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम खजुरिया श्रीनेत निवासी सूरज कुमार यादव पुत्र लाल मोहन यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह मोटरसाइकिल से हरैया तहसील जा रहे थे। जैसे ही वह नगर थाना क्षेत्र के खजुरिया मिश्र गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक सेंट्रो कार ने उन्हें ओवरटेक कर लिया।
आरोप है कि को-ऑपरेटिव बैंक के सामने कार सवार सचिन, धर्मेंद्र उर्फ पट्टू, राजेंद्र (पुत्र गण किशोर) और प्रदीप (पुत्र तुलसी) ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवा दी। इसके बाद चारों ने मां-बहन की गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने सूरज को जबरन खींचकर लात-घूंसे, मुक्के और डंडों से बेरहमी से पीटा।
मारपीट में सूरज के हाथ, पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। जाते-जाते आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी नगर विश्व मोहन राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
AFJAL QURAISHI-BASTI
