BASTI/UTTAR PRADESH-पंडित अटल बिहारी वाजपेई प्रेक्षागृह, बस्ती में बुधवार को मिलेट्स रेसिपी एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती, जन्म शताब्दी वर्ष के समापन एवं सुशासन दिवस के अवसर पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्रा सहित जनपद के विभिन्न विधायकों के प्रतिनिधियों द्वारा स्टाल एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन कर किया गया। इस दौरान भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मिलेट्स पुनरोद्धार योजना के अंतर्गत प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसके माध्यम से जनपद के सभी विकासखंडों व न्याय पंचायतों में ज्वार, बाजरा, सावां, कोदो एवं रागी की खेती तथा फार्मर रजिस्ट्री के लाभों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्रा ने मिलेट्स को दैनिक खानपान में शामिल करने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों के हित में निरंतर योजनाएं चला रही है, जिससे कृषक लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेई के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा दी।
मिलेट्स रेसिपी कार्यक्रम में विभिन्न कन्या इंटर कॉलेजों की छात्राओं ने मिलेट्स व्यंजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्टॉलों पर बाजरा-ज्वार से बने डोसा, इडली, पकौड़े सहित अन्य व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे। महिला स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों एवं कृषि विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्राओं एवं उत्कृष्ट स्टॉलों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
AFJAL QURAISHI-BASTI
