Basti/Uttar Pardesh- विकासखंड बहादुरपुर अंतर्गत पीएम श्री सम्बीलियन विद्यालय कोठवा भरतपुर में शुक्रवार को “मेरा गांव–मेरा विद्यालय” कार्यक्रम बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में सुबह से ही शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय और विद्यालय के बीच सहभागिता को मजबूत करना, बच्चों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अभिभावकों को विद्यालयी गतिविधियों से जोड़ना रहा।
शुरुआत प्रभात फेरी एवं जनजागरूकता रैली से हुई, जिसमें बच्चों ने शिक्षा, स्वच्छता और संस्कारों से जुड़े संदेशों के साथ पूरे गांव में भ्रमण किया। इसके बाद विद्यालय में “मेरा गांव–मेरा विद्यालय” विषय पर आधारित नाटक का मंचन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने शिक्षा के महत्व और सामुदायिक सहयोग की जरूरत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नई कहानी वाचन, समूह गतिविधियाँ और मंचीय प्रस्तुति ने कार्यक्रम में जीवंतता भर दी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों व अभिभावकों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए गए। विद्यालय द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाकर ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। साथ ही आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया, जहाँ बच्चे, अभिभावक और शिक्षक कार्यक्रम की यादें संजोते नजर आए।
समारोह में प्रधानाध्यापक ललित उपाध्याय ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और समुदाय की सहभागिता को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर शिक्षक अमरेन्द्र सिंह, राहुल सिंह, राधेश्याम मिश्र, फूलमती गिरि, अरुण कुमार भारती, राहुल चौधरी, रीना गुप्ता, सलमा शाहीन, सुमन यादव, अजर खातून, एसआरजी अंगद पांडे, आरपी एके मिश्रा, आशीष श्रीवास्तव सहित विद्यालय कर्मी व बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
AFJAL QURAISHI-BASTI
