*बालू पर पेशाब करने से रोका तो मनबढ़ों ने चलाई गोलियां, गोली चलाकर फ़ैलाई दहशत*
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र में कल रात अदालत होटल के पास बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि सफेद और काले रंग की कार से पहुंचे 6-7 युवकों कों बालू पर पेशाब करने से रोकने पर इस वारदात को अंजाम दिया। अचानक हुई फायरिंग से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है। वहीं, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित पिपलडाड़ा निवासी विनय कुमार निषाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अदालत होटल के बगल में रखे बालू को पंजाब दास, कमला और बृजेश हटा रहे थे। इसी दौरान देर रात करीब 11.40 बजे सफेद रंग की स्विफ्ट और काले रंग की वेन्यू कार से 6-7 युवक पहुंचे।
काले रंग की कार से उतरा एक युवक बालू पर पेशाब करने लगा। मना करने पर उसने गाली-गलौच करते हुए पंजाब दास को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों गाड़ियों से अन्य युवक भी उतर गए और हमला बोल दिया। इस दौरान एक युवक ने असलहे से फायरिंग शुरू कर दी।
हंगामा देख बचाव में पहुंचे विरेंद्र कुमार पटेल, अनुराग, आकाश कुमार और अर्जुन को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी सफेद कार मौके पर छोड़कर काले रंग की कार से फरार हो गए।
एम्स थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि कार कब्जे में ले ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
