बस्ती/उत्तर प्रदेश-लोकसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के जीआईसी ग्राउंड पहुंचे। उन्होंने गठबंधन के प्रत्याशी राम प्रसाद चौधरी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए बिना नाम लिए बहुजन समाज पार्टी पर तंज कसा है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मंच से कहा- "एक दल है जिसका एक विधायक गलती से जीत गया है, उन्होंने अंदर ही अंदर बीजेपी से हाथ मिला लिया है। बहुजन समाज के लोगों से अपील है ये लोग संविधान को बदलकर हक छिनना चाहते हैं, इसलिए चुनाव में वोट करते समय बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान को बचाने का काम करना।"
इंडिया गठबंधन के पक्ष में समर्थन मांगा
अखिलेश ने कहा, ये 2024 का चुनाव बहुत अलग होता जा रहा है। जनता द्वारा इस बार सारी सीमाओं को तोड़ते हुए पूरे तरीके से इंडिया गठबंधन को समर्थन दिया जा रहा है। अभी मैं और राहुल गांधी प्रयागराज-फूलपुर गए हुए थे। वहां भी लोगों का खूब समर्थन देखने को मिला। जैसे चुनाव बढ़ता जा रहा जनता का गुस्सा भाजपा के लिए बढ़ता जा रहा है। 7वें चरण में गुस्सा सांतवें आसमान पर होगा। भाजपा के लोग संविधान को हटाना चाहते हैं और हम लोग संविधान की रक्षा करने निकले हैं।
आप लोग भी संकल्प लीजिए, संविधान बदलने वालों को आप लोग बदल देंगे। सरकार तो बदलेगी ही उसके साथ मंत्री मंडल भी बदलेगा और मीडिया मंडल भी बदलेगा। पिछले 10 सालों से आप लोगों ने सब कुछ झूठ ही देखा है। किसानों की आय दोगनी की बात करते थे, लेकिन किसी की आय नहीं बढ़ी। उल्टा लागत बढ़ा दी। साथ ही खाद्य, डीजल, कीटनाशक और महंगा कर दिया। किसान लगातार कर्ज से घिरा हुआ है।
रिपोर्टर-अफ़ज़ाल क़ुरैशी-बस्ती
