Basti/Uttar Pradesh-नगर पंचायत नगर बाजार स्थित खोभा ताल में संदिग्ध परिस्थितियों में बड़ी संख्या में मछलियों के मृत मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मत्स्य पालन से जुड़े लोगों ने तालाब में जहरीला पदार्थ डालकर मछलियों को मारने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मत्स्य पालन कल्याण समिति के अध्यक्ष नेउर खटीक ने खोभा ताल का पट्टा लेकर मछली पालन किया था। रविवार सुबह जब वह तालाब पर पहुंचे तो हजारों मछलियां मृत अवस्था में पानी की सतह पर उतराई हुई दिखाई दीं। कुछ ही देर में घटना की
जानकारी फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते 10 से 15 अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो गई। उनका कहना है कि मछलियों के पालन-पोषण में काफी समय, मेहनत और धन लगाया गया था, लेकिन एक ही रात में पूरी मेहनत बर्बाद हो गई।
नेउर खटीक ने बताया कि घटना से उन्हें लाखों रुपये के आर्थिक नुकसान की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को चिन्हित किया जाए तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही हुए नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाए।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों ने भी मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
Afjal Quraishi/Basti
