BASTI/UTTAR PRADESH-नगर पंचयात नगर बाजार व ग्रामीण अंचल में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, थाना परिसर और ऐतिहासिक स्थलों पर ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रभात फेरियों का आयोजन किया गया। तिरंगे की शान और देशभक्ति नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालयों में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी ने नगर और ग्रामीण क्षेत्रों को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासन के साथ नगर भ्रमण किया, जिसे देखने के लिए लोग घरों से बाहर निकल आए।
भगवती प्रसाद शंकर देवी इंटर कॉलेज में कॉलेज के प्रबंधक राम जी कसौधन एवं प्रधानाचार्य सूरज कसौधन ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। वक्ताओं ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों से देश के प्रति निष्ठावान नागरिक बनने का आह्वान किया।
इसी क्रम में सूर्य कुमारी बालिका इंटर कॉलेज में प्राचार्य सीमा गौर ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।
बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स सेंटर) पर खंड शिक्षा अधिकारी प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने शिक्षकों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान के आदर्शों को जीवन में उतारना ही गणतंत्र दिवस की सच्ची भावना है।
वहीं ग्राम पंचायत मरहा के प्राथमिक विद्यालय में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अखिल कुमार यादव ने विद्यालय के स्टाफ के साथ ध्वजारोहण किया। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, शिक्षा और देशभक्ति का महत्व समझाया।
नगर थाना परिसर में थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा और संविधान के पालन की शपथ दिलाई। साथ ही ऐतिहासिक धरोहर राजा उदय प्रताप सिंह स्थल पर भी ध्वजारोहण किया गया, जहां लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश के वीरों को नमन किया।
AFJAL QURAISHI-BASTI
