नगर बाजार/बस्ती- बभनियाव दुर्गा मंदिर प्रांगण में महिला सशक्तिकरण 5.0 के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और ग्रामीण मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी।
सीओ प्रदीप कुमार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन ही समाज के विकास की नींव है। उन्होंने छात्राओं से आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा के साथ-साथ आत्मरक्षा के गुर सीखने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि मिशन शक्ति के माध्यम से पुलिस प्रशासन महिलाओं और बालिकाओं को हर संभव सुरक्षा और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी गई। उपस्थित छात्राओं को साइबर क्राइम, छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा जैसी स्थितियों में त्वरित शिकायत दर्ज कराने के तरीके भी समझाए गए।
ग्रामीण महिलाओं ने भी मंच से अपने विचार रखे और समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन स्थानीय शिक्षकों ने किया और अंत में सभी को महिला सशक्तिकरण की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य संदेश था—“नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन।”
रिपोर्टर-अफ़ज़ाल क़ुरैशी-बस्ती
8808210553
